नीमच। इंदौर में 19 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर जिला कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रणनीति पर चर्चा कर लक्ष्य तय किए गए।
कांग्रेस ने 35 वर्ष से कम आयु के 10 हजार युवाओं का पंजीयन कराने तथा इनमें से करीब 2 हजार युवाओं को इंदौर ले जाने का लक्ष्य रखा है। बैठक में वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों की आवाज बुलंद करने और कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक को जिला प्रभारी एवं सुसनेर विधायक भैरव सिंह बापू, सांसद प्रत्याशी रहे दिलीप सिंह गुर्जर, जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, चंद्रशेखर शर्मा, हिमांशु जोशी एवं राजीव देवदार ने संबोधित किया।
कार्यकर्ताओं द्वारा जिले के कॉलेजों एवं विभिन्न कोचिंग सेंटरों में संपर्क कर युवाओं का पंजीयन कराया जाएगा। बैठक में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इंदौर में होने वाले कार्यक्रम में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जुटने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन बृजेश सक्सेना ने किया। इस अवसर पर जिलेभर के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।