भोपाल। तीन दिन में दूसरी बार दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया और केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की।
वे देर शाम तक कुछ और केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात करने वाले हैं। उधर, उनके दिल्ली दौरे से पहले डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर लौटे हैं। एमपी के भाजपा नेताओं की इन दिनों चल रही दिल्ली दौड़ राजनीतिक हल्के में चर्चा का विषय बनी हुई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव 9 सितंबर को दुबई से लौटने के बाद छह घंटे तक दिल्ली में रुके थे। इस दौरान वे कुछ केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर सीधे सागर जिले में जहरीली शराब से पीड़ित लोगों से मिलने पहुंचे थे। इसके बाद अगले दिन हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के शपथ समारोह और 11 सितंबर को इंदौर में सुगम परिवहन सेवा की कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ करने के बाद सीएम यादव दिल्ली चले गए हैं। वे आज दिल्ली में ही हैं।
दिल्ली में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात के दौरान मध्यप्रदेश में युवाओं के कौशल विकास और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
साथ ही प्रदेश के युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सहयोग से रोजगार एवं कौशल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया। वहीं, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात के दौरान प्रदेश में टेक्सटाइल सेक्टर को गति देने और इस क्षेत्र में नए निवेश आकर्षित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
इन नेताओं के दिल्ली दौरे भी चर्चा में
उधर, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल कल दिल्ली पहुंचे थे। वहां उन्होंने केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इसके अलावा वे 10 सितंबर को दो बार भोपाल में लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से भी मिले। वहीं, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा भी 10 सितंबर को दो बार राजभवन पहुंचे थे।
इस बीच, एमपी भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा ने भी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल 15 दिन में तीन बार दिल्ली दौरा कर चुके हैं। पिछले कुछ हफ्तों में मंत्री प्रहलाद पटेल समेत अन्य नेताओं के भी दिल्ली दौरे हुए हैं। एमपी के नेताओं की इन दिनों दिल्ली दौड़ राजनीतिक हल्के में चर्चा का विषय बनी हुई है। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं।