मंदसौर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम बूढ़ा में आयोजित शिविर में उद्यम संवाद कार्यक्रम हुआ। इसमें स्थानीय उद्यमियों और उद्योगपतियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा नए उद्योगों की स्थापना से जुड़ी संभावनाओं और समस्याओं पर चर्चा की। शिविर के दौरान हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं उद्यम पंजीयन प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कहा कि जिले में नए उद्योग स्थापित करने वाले उद्यमियों को शासन-प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। उद्योग संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसका निराकरण प्राथमिकता से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा नए उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है। उद्यमी इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएं।
मुकेश एग्रो इंडस्ट्रीज का किया निरीक्षण-
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने ग्राम बूढ़ा में स्थापित मुकेश एग्रो इंडस्ट्रीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्योग की गतिविधियों, उत्पादन प्रक्रिया एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली। कंपनी द्वारा विभिन्न प्रकार के कृषि उपकरणों का निर्माण किया जा रहा है।
बताया गया कि एमएसएमई योजना के अंतर्गत उद्योग को लगभग 2.50 करोड़ रुपए का ऋण प्राप्त हुआ है, जिसके तहत करीब 92 लाख रुपए की सब्सिडी मिली है। उद्योग के माध्यम से लगभग 150 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
इन उद्यमियों का हुआ चयन-
उद्यानिकी विभाग द्वारा उद्यम संवाद के लिए चयनित हरपाल सिंह—पशु आहार, रणजीत शर्मा—आटा मिल और सुखराम राठौर—ऑयल मिल सहित सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अंतर्गत जगदीश लोहार—कृष्णा एग्रो इंडस्ट्रीज, राजेश लोहार—मुकेश एग्रो इंडस्ट्रीज तथा राजू लोहार—न्यू टकरावद वाला एंड कंपनी के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए।
शिविर में जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, एसडीएम, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।