नीमच। तेज गर्मी और उमस के बीच शनिवार को जिले में एक बार फिर मानसून सक्रिय हुआ। कई क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने जिले में हल्की बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
जिले में अब तक 24.3 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक 43.7 इंच बारिश हो चुकी थी। इस वर्ष नीमच विकासखंड में 26.2 इंच, जावद में 22.0 इंच और मनासा विकासखंड में 20.9 इंच बारिश दर्ज की गई है।
जिले की औसत सामान्य बारिश 32.5 इंच मानी जाती है। इस लिहाज से नीमच जिला अब तक सामान्य औसत से 8.2 इंच बारिश कम है। मानसून की दोबारा सक्रियता से किसानों को भी आगामी दिनों में अच्छी बारिश की उम्मीद है।