कालापीपल। शाजापुर जिले में मनसाया से सादनखेड़ी तक करीब 3 किलोमीटर लंबा मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के साथ बारिश के दिनों में कीचड़ और पानी जमा हो जाता है। इससे ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत मनसाया से ग्राम सादनखेड़ी को जोड़ने वाला यह मार्ग लंबे समय से मरम्मत और निर्माण की बाट जोह रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण दोपहिया और अन्य वाहनों से आवागमन मुश्किल हो जाता है। बारिश के दौरान हालात और गंभीर हो जाते हैं तथा कीचड़ के कारण फिसलन बढ़ जाती है।
कलेक्टर से लगाई सड़क निर्माण की गुहार
समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर सड़क का निरीक्षण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि मार्ग की वास्तविक स्थिति का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार निर्माण, डामरीकरण और मरम्मत कार्य जल्द कराया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब हालत का सीधा असर दैनिक आवागमन के साथ-साथ किसानों और विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर सड़क को आवागमन के योग्य बनाने की मांग की है।