खरगोन। जिले के कसरावद तहसील में अवैध खनन को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने आखिर बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम देवला में अवैध खनन करते हुए दो ट्रैक्टर और एक JCB मशीन को पकड़ा गया है। तीनों वाहनों को जब्त कर कसरावद थाने में खड़ा कराया गया है।
बताया जा रहा है कि कसरावद तहसील क्षेत्र में पिछले कई दिनों से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन की टीम ने ग्राम देवला में दबिश दी, जहां खनन कार्य में लगे दो ट्रैक्टर और एक JCB मौके पर पकड़े गए।
प्रशासन ने तीनों वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा कराया है और नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। लंबे समय से चल रही अवैध गतिविधियों पर हुई इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि जब्त वाहनों पर आगे क्या कार्रवाई होती है और अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन कितनी सख्ती दिखाता है।