नीमच। 70वीं शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत उज्जैन संभाग स्तरीय 14 वर्ष आयु वर्ग की ताइक्वांडो बालक-बालिका प्रतियोगिता का आयोजन 11 सितंबर 2026 को समता विद्यालय, रतलाम में किया गया। प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग के नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर एवं आगर-मालवा जिलों की चयनित टीमों के करीब 80 खिलाड़ियों ने विभिन्न वजन समूहों में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच मुकाबले रोमांचक और कड़े रहे। नीमच जिले की टीम के 16 खिलाड़ियों ने दल प्रबंधक एवं मुख्य प्रशिक्षक भरत सिंह कुमावत तथा प्रशिक्षक जयप्रकाश एवं खुबी देपन के मार्गदर्शन में शानदार प्रदर्शन किया। नीमच ने बालक वर्ग में एक स्वर्ण तथा बालिका वर्ग में पांच स्वर्ण पदक जीतकर बालिका वर्ग में उज्जैन संभागीय चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
नीमच के स्वर्ण पदक विजेता
प्रिंस, बालक वर्ग, 14 वर्ष, 41 किलोग्राम से अधिक वजन समूह — कार्मल कॉन्वेंट स्कूल, नीमच।
उन्नति, बालिका वर्ग, 14 वर्ष, 22 किलोग्राम वजन समूह — आइडियल स्कूल, नीमच।
वंदना, बालिका वर्ग, 14 वर्ष, 24 किलोग्राम वजन समूह — फ्लोरेंस स्कूल, मनासा।
दृष्टि कुमावत, बालिका वर्ग, 14 वर्ष, 26 किलोग्राम वजन समूह — क्रिएटिव माइंड स्कूल, नीमच।
वानी शर्मा, बालिका वर्ग, 14 वर्ष, 35 किलोग्राम वजन समूह — क्रिएटिव माइंड स्कूल, नीमच।
दक्षा चौधरी, बालिका वर्ग, 14 वर्ष, 38 किलोग्राम से अधिक वजन समूह — अल्फा स्कूल, नीमच।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिनिधित्व
नीमच के सभी छह स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी 70वीं राज्य स्तरीय शालेय ताइक्वांडो 14 वर्ष बालक-बालिका प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 2 से 5 नवंबर 2026 तक छिंदवाड़ा में आयोजित की जाएगी।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मूंदड़ा, तहसील संयोजक एवं प्राचार्य मनोज कीमती, पीएम श्री शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 नीमच तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी सावित्री मालवीय ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।