चित्तौड़गढ़। बिरला शिक्षा केन्द्र, चित्तौड़गढ़ के प्रांगण में 12 सितम्बर से दो दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर का आयोजन 12 से 13 सितम्बर तक किया जा रहा है, जिसमें विद्यालय के सभी स्काउट एवं गाइड छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।
शिविर का आयोजन बिरला शिक्षा केन्द्र के स्काउट-गाइड दल द्वारा किया जा रहा है। विद्यालय की प्राचार्या रेखा यादव ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों में प्रकृति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण, साहस, आत्मनिर्भरता और टीम भावना को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
यूनिट लीडर नगेंद्र बाला राठौड़ ने बताया कि शिविर के पहले दिन विद्यार्थियों ने विभिन्न साहसिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दो दिवसीय शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं सर्वांगीण विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।