नीमच। कुटुंब न्यायालय परिसर में पति-पत्नी के विवाद में राजीनामे की बातचीत के दौरान पिता-पुत्र से मारपीट का मामला सामने आया है। एकता कॉलोनी निवासी जाकिर हुसैन ने कैंट थाने में शिकायत देकर महिला समेत तीन लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
चार साल से अलग रह रही पत्नी-
जाकिर हुसैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे अरबाज हुसैन का निकाह 26 फरवरी 2022 को समीना के साथ हुआ था। दोनों के बीच विवाद के बाद समीना करीब चार साल से अलग रह रही है। मामले की सुनवाई कुटुंब न्यायालय में चल रही है।
राजीनामे की बातचीत के दौरान मारपीट का आरोप-
शिकायत के अनुसार 11 सितम्बर को दोनों पक्ष राजीनामे की बातचीत के लिए न्यायालय परिसर पहुंचे थे। इसी दौरान समीना, उसके भाई चुन्नू लाला और पिता हुसैन ने जाकिर हुसैन एवं अरबाज के साथ कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। जाकिर का आरोप है कि तीनों ने थप्पड़ और लात-घूंसों से पिता-पुत्र के साथ मारपीट की, जिससे दोनों को चोटें आईं।
1.51 लाख रुपये और शादी का सामान लौटाने की बात-
जाकिर हुसैन के अनुसार राजीनामे के तहत उनका परिवार 1 लाख 51 हजार रुपये और शादी में मिला सामान वापस करने के लिए तैयार था। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष ने मारपीट शुरू कर दी।
लोक अदालत में भी धमकी देने का आरोप-
शिकायत में जाकिर हुसैन ने आरोप लगाया कि 12 सितम्बर को लोक अदालत की सुनवाई के दौरान भी दूसरे पक्ष ने उनके परिवार के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। कैंट पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।