नीमच। सुरेश लोक शिक्षण समिति द्वारा शनिवार, 12 सितंबर को सेक्टर नंबर-2 के ग्राम छायन स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों को प्राकृतिक मिट्टी से भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक राजेंद्र सिंह चौहान ने छात्र-छात्राओं को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की विभिन्न विधियां सिखाईं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक मिट्टी से बनाई गई प्रतिमाओं का अनंत चतुर्दशी पर विसर्जन करने के बाद उस मिट्टी का उपयोग घर या बगीचे में पौधे लगाने के लिए किया जा सकता है। इससे पर्यावरण को नुकसान भी नहीं पहुंचता।
सरपंच और पंचायत सचिव ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 1 बजे ग्राम पंचायत सचिव रामप्रसाद और सरपंच अमृतलाल द्वारा किया गया। संस्था की ओर से लोकेन्द्र शर्मा अध्यापक अतिथियों का स्वागत किया गया और प्रशिक्षण के उद्देश्य की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक मिट्टी से गणेश प्रतिमाएं बनाईं। बच्चों द्वारा बनाई गई प्रतिमाओं को देखकर शिक्षक और अतिथि भी उत्साहित नजर आए।
चार उत्कृष्ट प्रतिमाओं का किया चयन
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों की बनाई गई प्रतिमाओं का अवलोकन किया गया। इनमें से चार प्रतिमाओं का चयन किया गया, जिन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष शेरसिंह नागदा, भगतलाल, राजूदास, रणजीत सिंह सिसोदिया, नवांकुर सखियां निर्मला और सरिता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम में करीब 30 लोगों ने सहभागिता की। अंत में संस्था की ओर से राजेंद्र सिंह चौहान ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।