चित्तौड़गढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर एवं समृद्ध भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए राजस्थान की भजनलाल सरकार जनहित में लगातार कार्य कर रही है। यह बात सांसद सी.पी. जोशी ने शनिवार को ग्राम पंचायत सामरी में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
सांसद जोशी ने कहा कि युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं किसानों के हित में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने के साथ विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि राजस्थान की भजनलाल सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। गांवों में विकास कार्यों से आधारभूत ढांचा मजबूत हो रहा है।
विधायक आक्या ने कहा कि बजट घोषणाओं के तहत विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वीकृत कई बड़े कार्य निर्माणाधीन हैं। इसके साथ ही प्रत्येक गांव में आमजन की मांग के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष मिठुलाल जाट रहे।
इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण-
सावा मंडल अध्यक्ष अनिल सुखवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सांसद सी.पी. जोशी एवं विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने बड़ का अमराणा में सीसी रोड, मेड़ी का अमराणा में सीसी रोड, सिंदवड़ी में सामुदायिक भवन, बड़ का अमराणा में डामरीकरण कार्य तथा सतखंडा से बड़ का अमराणा तक डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इसके साथ ही सिंदवड़ी से चरल्या तक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर समाजसेवी कुकालाल डांगी, पूर्व मंडल अध्यक्ष रतन डांगी, हरिसिंह जाट, सत्यनारायण कुमावत, मंडल महामंत्री रवि कल, हेमराज मेघवाल, लीलाशंकर सिंह, प्रशासक गणेश साहू, अजय चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष बाबूलाल कुमावत, दुष्यंत सिंह, रमेश गुर्जर, प्रहलाद गुर्जर, जितेंद्र वैष्णव, नारायण डांगी, राहुल शर्मा, गोपाल भील सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।