जयपुर। राजस्थान पुलिस ने नशा तस्करों और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ (सफेमा) के अंतर्गत पुलिस ने नशे की अवैध कमाई से अर्जित बताई गई कुल 73 करोड़ 64 लाख 64 हजार 948 रुपये की चल-अचल संपत्तियों को कुर्क, फ्रीज एवं सीज करने की कार्रवाई की है।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि नशे के काले कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए तस्करों के वित्तीय नेटवर्क पर प्रहार करना और उनकी आर्थिक रीढ़ को ध्वस्त करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशीली दवाओं की कमाई से अर्जित बताई गई संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
63 इस्तगासे तैयार, 38 पर कुर्की-जब्ती के आदेश
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में आदतन एवं कुख्यात नशा तस्करों के खिलाफ कुल 63 इस्तगासे तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजे गए थे। पुलिस मुख्यालय स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप इनमें से 38 इस्तगासों पर कुर्की एवं जब्ती के अंतिम आदेश स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 25 मामलों में विधिक प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
मकान, जमीन से लेकर वाहन तक निशाने पर
धारा 68-एफ के तहत पुलिस ने मादक पदार्थों के कारोबार से अर्जित अथवा उससे जुड़ी संदिग्ध संपत्तियों को चिन्हित कर कार्रवाई की। इनमें मकान, निर्माणाधीन दुकानें, कृषि भूमि, आवासीय भूखंड, कार, पिकअप, ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल सहित विभिन्न चल-अचल संपत्तियां शामिल हैं।
चित्तौड़गढ़ में 20.35 करोड़ की संपत्तियों पर कार्रवाई
चित्तौड़गढ़ जिले में पुलिस ने धारा 68-एफ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 करोड़ 35 लाख 40 हजार 783 रुपये की संपत्तियों को सीज करने की कार्रवाई की है। इनमें गंगरार निवासी राहुल बंजारा की 18 करोड़ 79 लाख 83 हजार 324 रुपये, कमलेश गुर्जर की 46 लाख 44 हजार 876 रुपये, बाल किशन धाकड़ की 46 लाख 23 हजार 558 रुपये, रामेश्वर लाल अहीर की 29 लाख 58 हजार 481 रुपये, मोहम्मद उस्मान की 28 लाख रुपये, रतनलाल जाट की 22 लाख 79 हजार 767 रुपये तथा सुरेश चंद्र जाट की 12 लाख 30 हजार 778 रुपये की चल-अचल संपत्तियां शामिल हैं।
बारां में 18.48 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज
बारां जिले में राजाराम मीणा व रामगोपाल की 5 करोड़ 83 लाख रुपये, दिनेश मीणा व सुरेंद्र की 5 करोड़ 83 लाख रुपये, किशोर कुमार की 5 करोड़ 82 लाख रुपये, बीरमचंद की 60 लाख 26 हजार 526 रुपये तथा विशाल सांसी व बल्लू सांसी की 40 लाख 30 हजार रुपये की फ्रीज संपत्तियों से संबंधित इस्तगासे सक्षम प्राधिकारी से स्वीकृत हो चुके हैं। इस्तगासे में अनुमानित मूल्य 1.10 करोड़ रुपये बताया गया है।
झालावाड़ में 12.65 करोड़ की संपत्तियों पर शिकंजा
झालावाड़ जिले में धारा 68-एफ के तहत नौ आरोपियों की संपत्तियों की जब्ती स्वीकृत की गई है। इनमें बबलू तंवर की 5 करोड़ 59 लाख 7 हजार 389 रुपये, नरेंद्र सिंह की 1 करोड़ 81 लाख 80 हजार 882 रुपये, मोहन लाल तंवर की 1 करोड़ 13 लाख 97 हजार 482 रुपये, सुगनचंद तंवर की 1 करोड़ 2 लाख 59 हजार 184 रुपये, गनी मोहम्मद की 86 लाख 16 हजार 440 रुपये, पांचूलाल मीणा की 70 लाख 94 हजार 487 रुपये, दिनेश सिंह की 66 लाख 41 हजार 424 रुपये, प्रभूलाल तंवर की 45 लाख 45 हजार 63 रुपये तथा रामलाल तंवर की 14 लाख 64 हजार 740 रुपये की संपत्तियां शामिल हैं।
प्रतापगढ़ में 8.24 करोड़ की संपत्तियों पर कार्रवाई
प्रतापगढ़ जिले में सक्षम प्राधिकारी से स्वीकृत इस्तगासों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। इनमें शाहजेब उर्फ बल्ला का नवनिर्मित मकान, पोल्ट्री फार्म एवं वाहन सहित 2 करोड़ 10 लाख रुपये की संपत्ति, भुरालाल लबाना की 1 करोड़ 65 लाख रुपये, शेफुल्ला शेख की 1 करोड़ 55 लाख रुपये, असद इकबाल की 75 लाख रुपये, नारायण मीणा की 70 लाख रुपये, अकबर खान की 50 लाख रुपये, शाहरुख खान की 43 लाख 31 हजार 365 रुपये, दिलावर खान की 31 लाख 18 हजार 707 रुपये तथा नऊम खान की 20 लाख रुपये की संपत्तियां शामिल हैं।
नागौर, जोधपुर ग्रामीण और हनुमानगढ़ में भी कार्रवाई
नागौर जिले में भोपालराम विश्नोई के दो मकान, दुकान एवं वाहनों सहित 1 करोड़ 14 लाख 9 हजार 908 रुपये की संपत्ति की कुर्की स्वीकृत हुई है। जोधपुर ग्रामीण में अनिल विश्नोई की 26 बीघा जमीन और दो वाहनों की कुल 1 करोड़ 10 लाख रुपये की संपत्ति की जब्ती स्वीकृत की गई। वहीं हनुमानगढ़ जिले में स्वराज उर्फ शिवराज की 81 लाख 61 हजार 400 रुपये की संपत्ति सीज की गई है।
जालौर, उदयपुर, भीलवाड़ा और जोधपुर पूर्व में भी जब्ती
जालौर जिले में धोलाराम उर्फ धरिंद्र कुमार की 37 लाख 73 हजार 124 रुपये और राकेश कुमार विश्नोई की 13 लाख 9 हजार 800 रुपये की संपत्ति की जब्ती स्वीकृत हुई है। उदयपुर में विपिन गिरी गोस्वामी की 26 लाख रुपये की संपत्ति, भीलवाड़ा में लाभचंद उर्फ लाभू धाकड़ की 50 लाख रुपये मूल्य की भूमि एवं ट्रैक्टर तथा जोधपुर पूर्व में रमेश विश्नोई की 15 लाख रुपये की स्कॉर्पियो की कुर्की के आदेश स्वीकृत हुए हैं।
नशे की कमाई पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी : डीजीपी
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने आसपास होने वाले नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को दें, ताकि नशामुक्त राजस्थान के संकल्प को साकार किया जा सके।
एएनटीएफ खंगाल रही नशा तस्करों की पूरी कुंडली
आईजी विकास कुमार ने बताया कि राजस्थान में नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए एएनटीएफ विशेष अभियान चला रही है। इसके तहत तस्करों की जानकारी जुटाकर सूची तैयार की जा रही है और संबंधित जिला पुलिस अधीक्षकों को कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि व्यापारिक प्रकृति के प्रकरणों में भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए एसपी कार्यालय में विशेष शाखा के गठन की प्रक्रिया भी की जा रही है।