भोपाल। भोपाल मंडल होकर चलने वाली हावड़ा, भोपाल-हावड़ा एक्सप्रेस का बड़काकाना स्टेशन के स्थान पर अब रांची रोड स्टेशन पर अस्थायी ठहराव होगा। पश्चिम मध्य रेलवे के अनुसार, यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
ट्रेन नंबर 13025 हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस 19 अक्टूबर 2026 से रांची रोड स्टेशन पर शाम 7.10 बजे पहुंचेगी और 7.15 बजे रवाना होगी।
वहीं ट्रेन नंबर 13026 भोपाल-हावड़ा एक्सप्रेस 15 अक्टूबर 2026 से रांची रोड स्टेशन पर सुबह 6.50 बजे पहुंचेगी और 6.55 बजे रवाना होगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी जरूर जांच लें। इसके लिए एनटीईएस, 139, रेलवन या भारतीय रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा का उपयोग किया जा सकता है।
मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए सुविधा
यात्रियों और श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे दिल्ली सराय रोहिल्लादृअशोकनगर के बीच एक-एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाएगा। ट्रेन नंबर 04004 दिल्ली सराय रोहिल्ला से 17 सितंबर को दोपहर 12.15 बजे रवाना होकर 18 सितंबर को सुबह 3 बजे अशोकनगर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 04003 अशोकनगर से 21 सितंबर को शाम 5 बजे चलेगी और 22 सितंबर को सुबह 8.45 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी। यह स्पेशल ट्रेन फरीदाबाद, कोसीकलां, मथुरा जंक्शन, गंगापुर सिटी, सोगरिया और गुना सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
स्पेशल ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 1 थर्ड एसी, 2 स्लीपर, 19 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं। रेलवे ने बताया कि आनंदपुर ट्रस्ट में श्री 108 गुरु महाराज जी के 100वें जन्मदिवस के आयोजन को देखते हुए श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेन का लाभ लें। ट्रेन के समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी रेलवे की अधिकृत पूछताछ सेवा से ली जा सकती है।