देवास। जिले के सतवास थाना क्षेत्र में हुई महिला की हत्या की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। आरोपियों ने सोने की चेन लूटने के उद्देश्य से महिला की हत्या एवं उसकी पुत्री पर जानलेवा हमला किया था। वारदात से दो-तीन दिन पहले आरोपियों ने रेकी भी की थी।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर एएसपी सोम्या जैन एवं एडिओपी आदित्य तीवारी के मार्गदर्शन में 04 थानों की पुलिस टीम एवं साइबर सेल ने डायल-112 की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए CCTV फुटेज, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। वारदात को अंजाम देने वाले 02 नाबालिग बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चेन के 02 टुकड़े, 02 मोबाइल फोन, छुर्रा, चाकू कवर एवं लोहे का भारी बाट बरामद किया गया है।
जघन्य वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचना देवास पुलिस की पेशेवर कार्यशैली, सूझबूझ और मेहनत को दर्शाता है। ऐसी त्वरित एवं प्रभावी पुलिसिंग निश्चित रूप से सराहनीय एवं प्रशंसनीय है।