हरदा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने गणेश उत्सव के दौरान जिले के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में परीक्षा न कराने की मांग की है। इस संबंध में शनिवार को परिषद ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ABVP ने कहा कि गणेश उत्सव विद्यार्थियों और समाज के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व है। इस दौरान विद्यार्थी अपने परिवार और समाज के साथ पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं।
परिषद ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान कुछ स्कूलों में त्रैमासिक या आंतरिक परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं। इससे विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव पड़ता है और वे पढ़ाई के साथ-साथ पर्व की गतिविधियों में भी ठीक से शामिल नहीं हो पाते।
ABVP ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की कि गणेश उत्सव की अवधि में जिले के किसी भी स्कूली संस्था में परीक्षा आयोजित न की जाए। परिषद ने इस संबंध में जरूरी कार्रवाई करने को कहा है।
यह ज्ञापन नगर सहमंत्री विशाल शर्मा ने सौंपा। परिषद ने छात्रहित और सांस्कृतिक आस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई है। इस मौके पर प्रांत कार्यकारी सदस्य आशीष राजपूत, मोहित जोशी, अभिषेक राजपूत और अन्य सदस्य मौजूद रहे।