रावतभाटा। मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी एवं अंजुमन सिराजुल इस्लाम सोसायटी रावतभाटा के तत्वावधान में शनिवार, 12 सितंबर 2026 को आयोजित 10 जोड़ों के इज्तेमाई शादी समारोह में जिला हज खिदमत कमेटी चित्तौड़गढ़ को हाजियों की बेहतर सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
जिला हज खिदमत कमेटी चित्तौड़गढ़ के जिलाध्यक्ष उबैद खान ठेकेदार ने बताया कि पूरे जिले में हाजियों की सुविधा के लिए चित्तौड़गढ़, रावतभाटा, कपासन, बेगूं, बस्सी और सावा में हज खिदमत कमेटियों का गठन किया गया है। इन कमेटियों द्वारा हाजियों को विभिन्न सेवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कमेटी द्वारा हज के आवेदन भरने, मेडिकल प्रक्रिया, हज की किश्त जमा कराने में सहायता, हज से जुड़ी नवीनतम जानकारी एवं मार्गदर्शन, हज हाउस जयपुर तक पहुंचाने तथा रिपोर्टिंग सहित अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिलाध्यक्ष उबैद खान ने सम्मान को पूरे चित्तौड़गढ़ जिले में कार्यरत हज खिदमत कमेटियों की सेवाओं का परिणाम बताया। उन्होंने जिला कमेटी के सदर सिब्तेन हैदर, हज ट्रेनर हाजी गुलाम हुसैन सहित रावतभाटा, बेगूं, बस्सी, कपासन और सावा की कमेटियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में निंबाहेड़ा, कपासन सहित विभिन्न क्षेत्रों की हज खिदमत कमेटियों के पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे। अंजुमन सिराजुल इस्लाम सोसायटी रावतभाटा के सदर हाजी मजहर हुसैन भाटी एवं सर्वाेदय एजुकेशन ग्रुप कोटा के चेयरमैन हाजी अब्दुल गफ्फार ने जिला हज खिदमत कमेटी चित्तौड़गढ़ के सदस्यों को एजाज नामा प्रदान कर गुलपोशी की और मुबारकबाद दी।