शाजापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा संकल्प के रूप में मनाने की तैयारियों को लेकर रविवार को शाजापुर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस को मत्स्य पालन मंत्री नारायण सिंह पंवार ने संबोधित किया।
मंत्री पंवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए देश की जीडीपी में हुई वृद्धि और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर भी निशाना साधा।
जन गण मन को लेकर पत्रकार के सवाल पर मंत्री बोले- अभी सीख रहे हैं
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री नारायण सिंह पंवार विपक्ष पर जन गण मन को लेकर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान एक पत्रकार ने उनसे सवाल किया कि क्या उन्हें जन गण मन आता है। इस पर मंत्री ने कहा कि “अभी हम सीख रहे हैं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वे जन गण मन गाने से मना नहीं कर रहे हैं।
एससी वर्ग के लिए आपत्तिजनक शब्द के इस्तेमाल पर सफाई
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एससी वर्ग के लिए मंत्री द्वारा एक शब्द के इस्तेमाल पर पत्रकारों ने आपत्ति जताई और कहा कि संवैधानिक रूप से इस शब्द का प्रयोग उचित नहीं है। इसके बाद मंत्री ने एससी या दलित वर्ग शब्द का प्रयोग किया। मामला प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चर्चा का विषय बना रहा।