शाजापुर। गणेशोत्सव के अवसर पर कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने आस्था के साथ यातायात सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रविवार को गणेश प्रतिमा की खरीदारी के बाद विधायक ने बप्पा की प्रतिमा को अपनी कार की फ्रंट सीट पर विराजमान किया और सीट बेल्ट लगाकर सुरक्षित तरीके से घर ले गए।
विधायक चंद्रवंशी का प्रतिमा को सीट बेल्ट पहनाकर ले जाने का यह अंदाज चर्चा का विषय बना रहा। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
प्रतिमा खरीदते समय विधायक ने लोगों से प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) की मूर्तियों से बचने और मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाएं स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिट्टी की प्रतिमाओं से जल स्रोतों का प्रदूषण कम करने में मदद मिलती है और इनका विसर्जन भी पर्यावरण के अनुकूल रहता है।