नीमच। जिला सहकारी बैंक कर्मचारी एवं पेंशनर्स संघ की वार्षिक साधारण सभा रविवार को नीमच कैंट स्थित मराठा हॉल में आयोजित हुई। सभा में संघ के वार्षिक बजट के साथ पेंशनर्स की लंबित मांगों तथा आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
राष्ट्रीय संघर्ष समिति के अध्यक्ष बृजमोहन शर्मा ने बताया कि सहकारी बैंक एवं संस्थाओं के पेंशनर्स पिछले करीब 10 वर्षों से सभी पात्र पेंशनर्स को समान पेंशन लाभ दिलाने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सभा में इस संबंध में दिल्ली में चल रही कार्रवाई की जानकारी सदस्यों को दी गई तथा आगामी आंदोलन में सक्रिय भागीदारी को लेकर चर्चा की गई।
पेंशनर्स ने न्यूनतम 7,500 रुपए मासिक पेंशन के साथ महंगाई भत्ता (डीए), पति-पत्नी को चिकित्सा सुविधा तथा सभी पात्र पेंशनर्स को उच्च पेंशन का लाभ देने की मांग दोहराई। शर्मा के अनुसार, वर्तमान में पेंशनर्स को औसतन करीब 1,171 रुपए पेंशन मिल रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के वेतन से पेंशन के लिए राशि की कटौती किए जाने के बावजूद पेंशनर्स को अपेक्षित पेंशन लाभ नहीं मिल पा रहा है।
सभा में जिला सहकारी बैंक कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष संभाजी राव जाधव सहित राष्ट्रीय संघर्ष समिति के पदाधिकारी, बैंक शाखा प्रबंधक, सुपरवाइजर तथा कर्मचारी एवं पेंशनर्स उपस्थित रहे।