मंदसौर। जिले में शनिवार को मौसम बदला और शहर सहित कई क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में जिले में 21.6 मिमी (0.85 इंच) बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही सीजन में जिले की औसत बारिश 26.61 इंच पहुंच गई है। हालांकि रविवार को तेज धूप के साथ उमस और गर्मी रही।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। 14 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश, जबकि 15 सितंबर को कुछ स्थानों पर बौछारों की संभावना है। 16 और 17 सितंबर को भी जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
शामगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश-
13 सितंबर तक शामगढ़ में 52.6 मिमी, सीतामऊ में 43.6, सुवासरा में 33.4 और धुंधड़का में 26 मिमी बारिश दर्ज हुई। सीजन में धुंधड़का में 797, गरोठ में 763, शामगढ़ में 762, भानपुरा में 726.2 और सुवासरा में 708.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
पिछले साल से 6.27 इंच कम बारिश-
1 जून से 13 सितंबर तक जिले में कुल 7436.8 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 9186.7 मिमी बारिश हुई थी। इस तरह इस वर्ष 1749.9 मिमी बारिश कम हुई है। औसत बारिश भी पिछले साल की तुलना में 6.27 इंच कम है।
गांधीसागर का जलस्तर 8.79 फीट नीचे-
13 सितंबर को गांधीसागर बांध का जलस्तर 1300.80 फीट दर्ज किया गया। पिछले साल इसी तारीख को यह 1309.59 फीट था। यानी इस वर्ष जलस्तर 8.79 फीट कम है।
मौसम बदलने से वायरल मरीज बढ़े-
जिला अस्पताल के डॉ. आकाश चौधरी के अनुसार मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी-जुकाम, खांसी, वायरल फीवर और गले के संक्रमण के मरीज बढ़े हैं। लोगों को साफ पानी पीने, ताजा भोजन करने और मच्छरों से बचाव की सलाह दी गई है। बुखार दो-तीन दिन तक बना रहे तो डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी गई है।