इंदौर। शहर में बदहाल ट्रैफिक, ऊबड़-खाबड़ सड़कों और लंबे समय से अटके मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने सरकार पर झूठे वादों के सहारे नौ विधायक, सांसद और महापौर हासिल करने का आरोप लगाया और साथ ही चेतावनी दी कि यदि आगामी तीन महीने में इंदौर का मास्टर प्लान लागू नहीं किया गया, तो वे 50 हजार इंदौरियों के साथ भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करेंगे।
भू-माफियाओं के संरक्षण और यातायात व्यवस्था पर सवाल
जीतू पटवारी ने सरकार और स्थानीय प्रशासन पर भू-माफियाओं को खुला संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वर्षों से चल रहे इस संरक्षण का खामियाजा आज आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, जिससे वाहन रेंगने को मजबूर हैं। उन्होंने ट्रैफिक जाम के कारण हुई लोगों की मौतों पर कड़ा रोष जताते हुए सवाल किया कि इन हालातों में मौतों के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है? इसके अलावा, उन्होंने ‘उज्जैन-इंदौर मेट्रोपॉलिटन’ नामकरण पर भी आपत्ति जताई और इसे पूरी तरह अनुचित बताया।
मास्टर प्लान और विकास कार्यों पर घेराबंदी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इंदौर में मास्टर प्लान का लंबे समय से इंतजार है, लेकिन सालों बीत जाने के बाद भी यह धरातल पर नहीं उतर पाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की बढ़ती आबादी और समस्याओं के समाधान के लिए मास्टर प्लान का आना बेहद जरूरी है। यदि सरकार और प्रशासन ने तय समय सीमा के भीतर इस पर ध्यान नहीं दिया, तो कांग्रेस व्यापक स्तर पर जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी।