छायन। गांव छायन के उपसरपंच सुरेंद्र सिंह सिसोदिया को भाजपा भादवामाता मंडल किसान मोर्चा का नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष बनाए जाने पर ग्रामवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने साफा पहनाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ गांव में भव्य रैली भी निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने सुरेंद्र सिंह सिसोदिया को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सिसोदिया ने ग्रामवासियों द्वारा किए गए स्वागत एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।