नीमच। नीमच-मंदसौर मार्ग पर जमुनिया कला के समीप भाटखेड़ा-जमुनिया मार्ग पर आज सुबह राजस्थान रोडवेज और एक निजी यात्री बस के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है, जिनमें से तीन घायलों को उपचार के लिए नीमच जिला अस्पताल लाया गया।
घायलों की पहचान सीता बाई पति जगदीश चंद्र कलाल (63), निवासी झाबुआ, शिवकांता पति सत्यनारायण (60), निवासी झाबुआ तथा अकरम खान पिता अजीत खान (60), निवासी उदयपुर के रूप में हुई है। वहीं, करीब तीन से चार अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बसों के बीच यात्रियों को बैठाने को लेकर होड़ चल रही थी। इसी दौरान एक यात्री बस ने दूसरी बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।