शाजापुर। जिले के मोरटाकेवड़ी स्थित प्रसिद्ध पांडवकालीन हिमालेश्वर धाम मंदिर में चोरों ने रविवार रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मंदिर परिसर में रखी दान पेटी तोड़कर उसमें रखी करीब 3 लाख रुपए की राशि चोरी कर ले गए। वारदात के बाद चोर मंदिर में लगे CCTV कैमरों की DVR और चिप भी अपने साथ ले गए, जिससे पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती बढ़ गई है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भी चोरी की वारदात को लेकर नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं और अब धार्मिक स्थल भी चोरों के निशाने पर आ गए हैं।
CCTV की DVR और चिप भी ले गए
पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान आरोपियों ने मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों की DVR के साथ चिप भी निकाल ली। इससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और CCTV की स्थिति की पहले से जानकारी जुटाई हो सकती है। पुलिस अब मौके से मिले अन्य साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
बाइक से मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पोलायकलां पुलिस चौकी प्रभारी दीपक घुर्वे बाइक से घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में बेरछा एसडीओपी नागेंद्र प्रताप सिंह और पोलायकलां तहसीलदार भागीरथ जायसवाल साइबर टीम के साथ मंदिर पहुंचे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
घटना के करीब चार घंटे बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचने को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी नजर आई। ग्रामीणों ने कहा कि मामला लाखों रुपए की चोरी से जुड़ा है और धार्मिक स्थल पर हुई इस गंभीर वारदात को लेकर पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाना चाहिए।
फिलहाल पुलिस CCTV से जुड़े उपलब्ध साक्ष्यों, तकनीकी जानकारी और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मंदिर से लाखों रुपए की चोरी और CCTV की DVR ले जाने की घटना ने क्षेत्र में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।