नीमच। रविवार को भादवा सुदी बीज के अवसर पर कनावटी जिला जेल में बाबा रामदेव महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ अनूठे अंदाज में मनाया गया। इस दौरान जेल की चारदीवारी में ऐसा भक्तिमय वातावरण बना कि करीब 500 बंदी और जेल स्टाफ एक साथ बाबा रामदेव की भक्ति में रंगे नजर आए।
जेल अधीक्षक नारायण सिंह राणा की उपस्थिति में बाबा रामदेव महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन हुआ। बंदियों ने हाथों में थालियां लेकर सामूहिक आरती की। भजनों और बाबा रामदेव के जयकारों से पूरा जेल परिसर गूंज उठा।
भक्ति के साथ सुधार और सकारात्मकता का संदेश-
आयोजन का सबसे खास पहलू यह रहा कि जिस जेल परिसर की पहचान आमतौर पर बंदिशों और अनुशासन से होती है, वहीं इस दिन वातावरण पूरी तरह भक्ति, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। बंदियों ने उत्साहपूर्वक धार्मिक आयोजन में सहभागिता की और सामूहिक रूप से आरती की।
जेल प्रशासन द्वारा बंदियों के सुधार और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों के बीच यह आयोजन एक सकारात्मक संदेश देता नजर आया। भक्ति और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से बंदियों में सकारात्मक सोच, आत्मचिंतन और सामाजिक मूल्यों के प्रति जुड़ाव को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
बाबा रामदेव महाराज के जन्मोत्सव पर आयोजित इस कार्यक्रम ने जेल परिसर में आस्था के साथ मानवीय संवेदनाओं और सुधार की भावना को भी मजबूती प्रदान की।