देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 13 सितंबर को आबकारी एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने भौंरासा, हाटपिपल्या एवं चापड़ा क्षेत्र में कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 3,500 किलोग्राम महुआ लाहन, 89 लीटर हाथ भट्ठी मदिरा, 270 पाव देशी मदिरा एवं 24 नग बोल्ट बीयर जब्त की। हाटपिपल्या के बागरी मोहल्ला स्थित एक मकान से 270 पाव देशी मदिरा एवं 24 नग बोल्ट बीयर सहित कुल 60 बल्क लीटर मदिरा बरामद की गई। आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत धारा 34(1) एवं धारा 34(2) का 01, कुल 08 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए हैं। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 3 लाख 60 हजार रुपये बताया गया है। कार्रवाई में आबकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। विभाग ने कहा कि अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।