नीमच। विद्यार्थियों के समग्र विकास, मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित उमंग कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन में नीमच जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में कार्यक्रम को प्रभावी एवं परिणामदायी ढंग से संचालित किया जा रहा है। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हाल ही में राज्य स्तर पर आयोजित उमंग कार्यशाला में नीमच जिले को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किया गया।
जिले के विद्यालयों में उमंग कार्यक्रम के तहत विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जा रहा है। शिक्षकों को प्रशिक्षित कर कार्यक्रम की अवधारणा एवं उद्देश्यों को विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विद्यालयों में ऐसा सकारात्मक एवं सहज वातावरण विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जहां वे अपनी भावनाओं, समस्याओं एवं विचारों को खुलकर व्यक्त कर सकें।
नियमित मॉनिटरिंग और सतत समीक्षा पर जोर-
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में उमंग कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ नियमित मॉनिटरिंग एवं सतत समीक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में मास्टर ट्रेनर, शिक्षक, प्राचार्य, मेंटर्स एवं मैदानी अमले द्वारा सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए विभिन्न नवाचार एवं गतिविधियां भी की जा रही हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, जीवन कौशल और भावनात्मक अभिव्यक्ति जैसी क्षमताओं को विकसित करना भी है।
लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन का मिला परिणाम-
जिले में किए जा रहे सामूहिक प्रयासों का परिणाम है कि नीमच ने उमंग कार्यक्रम में विगत वर्षों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसी उपलब्धि को राज्य स्तर पर मान्यता देते हुए उमंग कार्यशाला में जिले को सम्मानित किया गया।
यह उपलब्धि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं उनके समग्र विकास के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उमंग कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के साथ मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं भावनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के प्रयास निरंतर जारी हैं। नीमच में कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन की यह पहल अन्य जिलों के लिए भी अनुकरणीय उदाहरण के रूप में सामने आई है।