नीमच। गणेश उत्सव को लेकर नीमच पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। गणेश प्रतिमा एवं पांडाल स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने आयोजकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए 10 जरूरी निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आयोजकों से सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
पुलिस ने पांडाल एवं गणेश प्रतिमा स्थल पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आगजनी की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी, रेत एवं अन्य आवश्यक अग्नि सुरक्षा सामग्री उपलब्ध रखने को कहा गया है। प्रतिमा स्थापना के लिए बनाए जाने वाले स्टेज को मजबूत एवं कम ऊंचाई का रखने की सलाह दी गई है, ताकि उसके नीचे मवेशी या अन्य जानवर न बैठ सकें।
पुलिस ने पांडाल के आसपास खुले बिजली के तार और विद्युत ट्रांसफार्मर नहीं होने तथा ज्वलनशील पदार्थों को दूर रखने के निर्देश दिए हैं। रात के समय पांडाल के चारों ओर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने को कहा गया है।
यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर भी जोर-
गणेश पांडाल की स्थापना के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है कि सड़कों और प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित न हो। पांडाल के आसपास व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
रात 12 से सुबह 8 बजे तक वालंटियर की तैनाती जरूरी-
पुलिस ने पांडालों पर 24 घंटे निगरानी के लिए वालंटियर तैनात रखने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक वालंटियर की उपस्थिति सुनिश्चित करने और इसके लिए बाकायदा रजिस्टर रखने को कहा गया है।
पुलिस ने आयोजकों से समय-समय पर स्थानीय पुलिस से समन्वय बनाए रखने की अपील की है। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम अथवा डायल-112 पर सूचना देने को कहा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेश प्रतिमा एवं पांडाल की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी आयोजकों की भी होगी।
नीमच पुलिस ने अपील की है कि सभी आयोजक सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करें।