देवास/नेवरी। लोक देवता बाबा रामदेव जी का जन्मोत्सव भादवा की दूज के अवसर पर नेवरी-बरोठाफाटा स्थित सीलनथुनी बाबा रामदेव मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
मंदिर पर लगातार 17 वर्षों से भादवा की दूज के अवसर पर अखंड ज्योत प्रज्वलित कर जागरण किया जा रहा है। बाबा रामदेव जी के जन्मोत्सव पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मान्यता के अनुसार श्रद्धालु बाबा रामदेव जी के दरबार में अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं। मनोकामना पूर्ण होने पर भादवा की दूज के दिन श्रद्धालु मिठाई से तुलादान सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान कर बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हैं। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने तुलादान भी किया।
मंदिर परिसर में महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन किया गया, वहीं डीजे की धार्मिक धुनों पर श्रद्धालु बाबा रामदेव जी की भक्ति में सराबोर नजर आए। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी एवं पूर्व सरपंच नवीन पाटीदार भी पहुंचे और बाबा रामदेव जी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने अपने हाथों से महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं को भोजन परोसकर भंडारे में सेवा की। इस दौरान उन्होंने बाबा रामदेव जी की महिमा एवं धार्मिक आस्था को नमन करते हुए मंदिर समिति के सभी कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे आयोजन की सराहना की तथा जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।