खरगोन। जिला अस्पताल में प्रसव के बाद इलाज के दौरान एक महिला की मौत के मामले में परिजनों और समाजजनों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मृतिका की पहचान छाया, पति लाखन कौर के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और गलत उपचार का आरोप लगाया है।
मामले को लेकर सोमवार को मृतिका के परिजन और समाजजन एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में सिकलीगर सिख समाज के अध्यक्ष किशोर खालसा ने बताया कि मृतिका छाया समाज से संबंधित थी और प्रसव से पहले उसकी स्थिति सामान्य बताई गई थी। आरोप है कि प्रसव के दौरान बरती गई कथित लापरवाही के चलते उसकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
महिला की कम उम्र में हुई मौत से परिवार के साथ ही समाज में भी शोक और आक्रोश का माहौल है। समाजजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कारण सामने लाने और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।