खरगोन। प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की आराधना के पर्व गणेशोत्सव का शुभारंभ सोमवार को तीज और गणेश चतुर्थी के विशेष संयोग के साथ हुआ। दोपहर में शुभ मुहूर्त के बाद शहरभर में बप्पा की प्रतिमा स्थापना का दौर शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा।
सुबह से ही शहर के मुख्य बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों तक ढोल-ताशों के साथ “गणपति बप्पा मोरया, मंगलमूर्ति मोरया” के जयघोष गूंजते रहे। घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक पंडालों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ विघ्नहर्ता भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की।
शहर में करीब 60 स्थानों पर छोटे-बड़े पंडाल लगाए गए हैं, जहां आकर्षक झांकियां सजाकर भगवान गणेश की स्थापना की गई। इसके साथ ही 10 दिवसीय गणेशोत्सव की धूम भी शुरू हो गई है।
गणेशोत्सव के पहले दिन शहर के कुंदा तट स्थित अति प्राचीन श्री सिद्धि विनायक मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही।
वहीं बिस्टान रोड स्थित कृषि उपज मंडी सहित शहर के प्रमुख बाजारों में गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए दुकानें सजाई गई थीं। श्रद्धालु भगवान गणेश के विभिन्न स्वरूपों में सजी प्रतिमाओं को पसंद कर ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाइक, टेंपो, रिक्शा और कार से स्थापना स्थल तक ले जाते नजर आए। प्रतिमा स्थापना के साथ ही शहर में अगले 10 दिनों तक भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहेगा।