रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देशानुसार जिले में बड़े होटल एवं रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रतलाम एवं जावरा क्षेत्र के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
रतलाम में होटल-रेस्टोरेंट से लिए नमूने-
रतलाम में समता सागर होटल का निरीक्षण किया गया। यहां से जांच के लिए पनीर, काबुली चना एवं रेड चेरी के नमूने लिए गए। इसी क्रम में सैलाना रोड स्थित होटल सेंट्रल बालाजी का निरीक्षण किया गया, जहां से चपाती पर लगाने के लिए उपयोग किए जा रहे बटर का नमूना लिया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने होटल संचालकों को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों का उचित तरीके से रखरखाव एवं भंडारण करने के निर्देश दिए।
जावरा में दही, पनीर और तेल के सैंपल-
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने भूतड़ा टोल नाके के पास स्थित ढाबा शब्बा न्यू जैन ढाबा का निरीक्षण किया। मौके पर प्रभारी प्रकाश पिता प्रेमनाथ सिद्ध फर्म का संचालन करते पाए गए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मिलावट की आशंका के आधार पर दही का नमूना लिया गया।
अधिकारी ने संचालक को खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने के साथ कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस एवं पेस्ट कंट्रोल से संबंधित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही ढाबे में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए भी निर्देशित किया गया।
इसी प्रकार रूपनगर फंटा, जावरा स्थित होटल श्री रमैया पैलेस का निरीक्षण किया गया। यहां प्रोपराइटर दीपक राठौर पिता शंकरलाल राठौर से पनीर एवं रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए गए।
भोपाल प्रयोगशाला भेजे गए सभी नमूने-
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। विभाग के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना लेने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।