रतलाम। अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी विकास मंडलोई ने बताया कि विभाग की टीम ने सैलाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों सरवन, आम्बापाड़ा, बेड़दा एवं बल्लीखेड़ा में दबिश देकर तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान टीम ने 30 पाव देशी मदिरा प्लेन, 15 केन बीयर, 30 लीटर हाथभट्टी मदिरा तथा 1200 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत कुल 5 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
विभाग के अनुसार जब्त की गई मदिरा एवं महुआ लाहन की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 30 हजार 830 रुपए है। आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।