देवास। नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं अधिक सुगम, सुविधाजनक एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा देवास में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का शुभारंभ UIDAI दिल्ली के उपमहानिदेशक अविनाश अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर अग्रवाल ने बताया कि नया आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन संचालित होगा। इससे कामकाजी लोगों, व्यवसायियों सहित अन्य नागरिकों को अपनी सुविधा के अनुसार आधार संबंधी सेवाएं प्राप्त करने में सहूलियत होगी।
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्र पर दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष सेवा काउंटर उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा भी दी गई है। नागरिक अपनी सुविधानुसार समय स्लॉट बुक कर निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचकर कम प्रतीक्षा अवधि में आधार संबंधी कार्य करा सकेंगे।
पहली बार आयोजित हुआ आधार जन समाधान शिविर-
देवास जिले के नागरिकों की आधार संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं आवश्यक मार्गदर्शन के लिए 12 सितंबर 2026 को पहली बार विशेष ‘आधार जन समाधान शिविर’ आयोजित किया गया। शिविर में लंबित आधार प्रकरणों, तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक समस्याओं तथा जटिल मामलों की सुनवाई की गई।
प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक जांच एवं कार्रवाई की गई तथा नागरिकों को आगे की प्रक्रिया के संबंध में उचित मार्गदर्शन दिया गया। शिविर में UIDAI भोपाल की विशेष टीम मौजूद रही। टीम ने नागरिकों की समस्याएं सीधे सुनीं और प्रकरण की प्रकृति के अनुसार आवश्यक जांच एवं कार्रवाई करते हुए समाधान एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया।
शिविर में 50 से अधिक नागरिकों ने भाग लिया और अपनी आधार संबंधी समस्याओं का समाधान एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया।
एक ही केंद्र पर मिलेंगी आधार संबंधी सेवाएं-
UIDAI द्वारा देवास में आधार सेवा केंद्र एवं विशेष आधार जन समाधान शिविर की पहल को आधार सेवाओं को अधिक सुगम, सुलभ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे आधार से संबंधित जटिल एवं लंबित मामलों के समाधान में भी नागरिकों को सुविधा मिलेगी।
देवास जिले के नागरिक 11-बी, नूतन नगर, वार्ड नंबर 32, जोन नंबर 1, स्टेशन रोड, लायंस होटल के पास, बीएनपी रोड, देवास-455001 स्थित नवीन UIDAI आधार सेवा केंद्र पर आधार संबंधी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।