खरगोन। शिक्षकों के सहयोग के लिए गठित PMUMS संघ मध्य प्रदेश के आह्वान पर रविवार को प्रदेश के सभी 55 जिला मुख्यालयों पर एक साथ शिक्षकों ने मंदिर पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर आराध्य देव को प्रार्थना ज्ञापन सौंपा। इसी क्रम में खरगोन में शिक्षकों ने नूतन नगर स्थित दाता हनुमान मंदिर पहुंचकर हनुमान जी को प्रार्थना ज्ञापन अर्पित किया।
शिक्षकों ने प्रार्थना की कि सरकार और विभाग को सद्बुद्धि मिले तथा शिक्षकों के हित में न्यायसंगत निर्णय लिए जाएं। शिक्षकों की प्रमुख मांगों में TET परीक्षा को निरस्त करना, प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता प्रदान करना और ई-अटेंडेंस व्यवस्था को समाप्त करना शामिल है।
PMUMS संघ के अनुसार संगठन से करीब एक लाख 25 हजार शिक्षक ऑनलाइन सदस्यता लेकर जुड़े हैं। संघ द्वारा शिक्षकों के दिवंगत होने पर उनके परिवारों को आपसी सहयोग भी प्रदान किया जाता है।
शिक्षकों ने बताया की शिक्षकों पर TET परीक्षा को लेकर दबाव बनाया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में शिक्षकों के सामने नौकरी और रोजी-रोटी पर संकट का भय बना हुआ है। शिक्षकों ने इसे न्यायसंगत नहीं बताते हुए सरकार से उनकी समस्याओं पर संवेदनशीलता से विचार करने की मांग की।
बारिश के बावजूद शिक्षक न्याय यात्रा के रूप में दाता हनुमान मंदिर पहुंचे। इस दौरान विभिन्न शिक्षक संघों और संगठनों के पदाधिकारी एवं शिक्षक शामिल हुए और उन्होंने अपनी मांगों को लेकर आराध्य देव के समक्ष प्रार्थना की।
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी शासन-प्रशासन द्वारा शिक्षकों के हित में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो शिक्षक संयुक्त मोर्चा 27 सितंबर से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगा।