रतलाम। आगामी 10 दिवसीय गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, सिटी मजिस्ट्रेट संजय शर्मा एवं सीएसपी ने मंगलवार को शहर का भ्रमण कर गणेश उत्सव की तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने शहर में उन सभी स्थानों का निरीक्षण किया, जहां गणेश उत्सव के दौरान झांकियां स्थापित की जाती हैं। इस दौरान झांकी आयोजकों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने सहित आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए गए।
भ्रमण के दौरान आयोजकों एवं स्थानीय लोगों को समझाइश दी गई कि उत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन किया जाए। साथ ही झांकी स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गणेश उत्सव लगातार 10 दिनों तक आयोजित किया जाएगा। उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए शहर में 12 अस्थाई पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।