टांडाबरुड़। खरगोन जिले के टांडाबरुड़ में बस स्टैंड स्थित एक होटल से रबड़ी खाने के बाद करीब 20 से 25 लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। एक साथ कई लोगों के बीमार होने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन मरीजों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में लेकर पहुंचे।
बताया गया कि करीब 15 मरीजों को परिजन निजी साधनों से जिला अस्पताल सहित शहर के अन्य सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचार के लिए लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं कुछ मरीजों का उपचार श्रीमती लक्ष्मीबाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) टांडाबरुड़ में कराया जा रहा है।
अस्पताल पहुंचे मरीजों में मदन कुमरावत, सुनीता भावसार, मोनिका, कुंदन राठौर और संजय कुमरावत सहित अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम भी टांडाबरुड़ पहुंची और मरीजों का उपचार शुरू कराया। विभाग की टीम द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
इधर, सूचना मिलने पर बरुड़ पुलिस भी संबंधित होटल पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। रबड़ी खाने के बाद एक साथ बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
फिलहाल सभी मरीजों का उपचार जारी है। लोगों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।