नीमच। ग्राम चौथखेड़ा के ग्रामीणों ने गांव की आबादी और खेत-खलिहानों के बीच से प्रस्तावित 33 हजार केवी बिजली लाइन ले जाने पर आपत्ति दर्ज कराई है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी और कृषि भूमि के बीच से हाईटेंशन लाइन गुजरने से भविष्य में जान-माल के नुकसान का खतरा बढ़ सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार चौथखेड़ा गांव फोरलेन के समीप स्थित है, जहां हॉट वॉर्निंग फूड्स कंपनी के लिए बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया चल रही है। गांव के बाहर पहले से ही हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। ग्रामीणों का दावा है कि बारिश के दौरान विद्युत लाइन से करंट फैलने की आशंका बनी रहती है, जिससे दुर्घटना का खतरा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित 33 हजार केवी लाइन यदि गांव की आबादी और खेत-खलिहानों के बीच से होकर गुजरती है, तो भविष्य में गंभीर हादसे की आशंका बनी रहेगी। इसी को लेकर ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली लाइन को आबादी और कृषि भूमि से दूर बरखेड़ाहाड़ा फोरलेन की ओर से ले जाया जाए।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के समक्ष आपत्ति प्रस्तुत करते हुए मांग की है कि उनकी आपत्ति पर गंभीरता से विचार किया जाए और आबादी एवं खेत-खलिहानों के बीच से 33 हजार केवी लाइन बिछाने के प्रस्ताव पर पुनर्विचार किया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रस्तावित मार्ग से ही लाइन बिछाई जाती है और भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान होता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।