खाचरोद। प्रभु श्री राम जी की नगरी अयोध्या में आयोजित राष्ट्रीय रक्तदान सेवा सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले की छोटी सी तहसील खाचरोद की सामाजिक संस्था सिंदूर रक्तदान सेवा समिति को राष्ट्रीय रक्तदान सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। समिति को यह सम्मान दूसरी बार प्राप्त हुआ है।
इस राष्ट्रीय समारोह में देश के 22 राज्यों से आए रक्त मित्रों और रक्त सेवियों ने भाग लिया। जिसमें रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट और निस्वार्थ सेवा करने पर सिंदूर रक्तदान सेवा समिति परिवार को यह गौरवपूर्ण सम्मान प्रदान किया गया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सम्मान खाचरोद के सभी रक्त मित्रों, रक्तवाहिनियों और सहयोगियों के सहयोग से संभव हो पाया है। इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
समिति निरंतर रक्तदान के प्रति जागरूकता और जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है।