शिवपुरी। शहर की संजय कॉलोनी में 28-29 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने मातादीन चौधरी के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपए की नकदी और सामान चोरी कर लिया। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी चोरी का पूरा खुलासा नहीं होने और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार की चिंता बढ़ गई है।
मामले को लेकर अग्रवाल समाज शिवपुरी ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। समाजजनों ने पुलिस से चोरी की वारदात का जल्द खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी गया माल बरामद करने की मांग की।
समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि घटना के बाद से पीड़ित परिवार परेशान है और उन्हें जल्द न्याय मिलने की उम्मीद है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में तेजी लाने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। अग्रवाल समाज ने उम्मीद जताई है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर चोरी की वारदात का खुलासा करेगी और पीड़ित परिवार को राहत मिलेगी।