शाजापुर। शाजापुर जनपद के अंतर्गत ग्राम पंचायत रिंगनी खेड़ा के ग्राम सिंगार चोरी में ग्रामीण लंबे समय से पुलिया निर्माण नहीं होने और कीचड़ से लथपथ सड़कों की समस्या से परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर और कीचड़ भरी सड़कों के कारण आवागमन में लगातार परेशानी हो रही है, लेकिन समस्या का अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
इसी समस्या को लेकर गांव के गोविंद सौराष्ट्रीय अपने दो छोटे बच्चों के साथ मंगलवार को शाजापुर कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे। खास बात यह रही कि वे अपने साथ एक बड़ा बैनर लेकर पहुंचे थे, जिस पर गांव की सड़क और पुलिया से जुड़ी समस्या को प्रमुखता से लिखा गया था।
गोविंद सौराष्ट्रीय ने जनसुनवाई में आवेदन सौंपते हुए अधिकारियों से गांव की समस्या का जल्द निराकरण कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि गांव में पुलिया का निर्माण नहीं होने से बारिश के दौरान आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है। वहीं सड़कें कीचड़ से भर जाने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इन जर्जर और कीचड़ भरी सड़कों से स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी मजबूरी में गुजरना पड़ता है। लंबे समय से बनी इस समस्या के कारण ग्रामीणों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या किसी एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे गांव की है। ऐसे में प्रशासन को मौके का निरीक्षण कर पुलिया निर्माण और सड़क की समस्या का स्थायी समाधान कराने की दिशा में जल्द कदम उठाना चाहिए। अब देखना होगा कि जनसुनवाई में दिए गए आवेदन के बाद प्रशासन इस समस्या के निराकरण के लिए क्या कार्रवाई करता है।