खरगोन। जिला अस्पताल में सर्पदंश से पीड़ित तीन वर्षीय बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने अस्पताल में उपचार में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बच्ची को समय पर उपचार नहीं मिल सका, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार भमौरी निवासी देवेंद्र की तीन वर्षीय बेटी पूर्वी को शनिवार सुबह करीब 10 बजे घर में खेलते समय सांप ने काट लिया। परिजन तत्काल उसे ऊन स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से बच्ची को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मृत बच्ची के पिता देवेंद्र और काका राहुल का आरोप है कि जिला अस्पताल पहुंचने के बाद कर्मचारी उन्हें एक वार्ड से दूसरे वार्ड भेजते रहे। इसके बाद बच्ची को चौथी मंजिल स्थित शिशु वार्ड में ले जाया गया। परिजनों का कहना है कि दस्तावेजी कार्रवाई पूरी होने तक उपचार शुरू नहीं हुआ और इसी दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।
पीएम रूम के बाहर पिता अपनी बच्ची की मौत पर विलाप करते नजर आए। परिजनों ने आरोप लगाया कि जब वे बच्ची की जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगा रहे थे, तब उन्हें उपचार के बजाय कागजी कार्रवाई और अलग-अलग वार्डों के चक्कर लगाने पड़े।
घटना के बाद जिला अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था और सर्पदंश के मामलों में आपातकालीन उपचार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उपचार में लापरवाही के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।