नीमच। सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) नीमच द्वारा आज बुधवार को बघाना में मानव सेवा की एक मिसाल पेश की गई। 11 वीं शरीफ के उपलक्ष में SDPI बघाना, नीमच इकाई द्वारा पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, भीलों का बेदला, उदयपुर के सहयोग से निःशुल्क परामर्श, जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर आज सुबह 10:00 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक नाका नं. 4 की सराय, सादड़ी रोड़, बघाना, नीमच पर आयोजित किया गया था।
शिविर में पेसिफिक मेडिकल कॉलेज के अनुभवी डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। सुबह से ही शिविर में मरीजों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई थी। गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ लिया।
जानकारी के अनुसार इस शिविर में लगभग 200 मरीजों ने अपना निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श प्राप्त किया। डॉक्टरों ने मरीजों की बीपी, शुगर सहित सामान्य जांच की और उन्हें निशुल्क दवाइयां भी दी गईं।
जांच के दौरान 10 ऐसे मरीज़ पाए गए जिन्हें विशेष उपचार की आवश्यकता थी, उनको बेहतर इलाज के लिए पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, उदयपुर रेफर किया गया है, जहां उनका निशुल्क इलाज किया जाएगा।
SDPI नीमच जिला अध्यक्ष इमरान हुसैन ने बताया कि SDPI का उद्देश्य सिर्फ राजनीति करना नहीं बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है। स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधा आज गरीबों की पहुंच से दूर होती जा रही है, ऐसे में SDPI समय-समय पर इस तरह के शिविरों का आयोजन कर इंसानियत की खिदमत करती रहेगी।
शिविर को सफल बनाने में SDPI बघाना के सभी कार्यकर्ताओं और पेसिफिक हॉस्पिटल की मेडिकल टीम का विशेष योगदान रहा। स्थानीय लोगों ने इस कार्य की सराहना करते हुए SDPI का आभार व्यक्त किया।