रतलाम। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण उड़ान नहीं भर पाया। काफी देर इंतजार के बाद पायलट ने तकनीकी समस्या की जानकारी दी। इसके बाद खंडेलवाल भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन की कार से भोपाल के लिए रवाना हुए। उनके साथ विप्लव जैन भी गए।
मंत्री चेतन्य कश्यप के घर शोक जताने आए थे
हेमंत खंडेलवाल प्रदेश के मंत्री चेतन्य कश्यप की माताजी तेजकुंवरबाई के निधन पर आज उनके निवास पर शोक व्यक्त करने रतलाम आए थे। वे सुबह भोपाल से हेलीकॉप्टर के जरिए बंजली हेलीपैड पहुंचे थे। मंत्री के निवास पर कुछ देर रुकने के बाद वे वापस भोपाल जाने के लिए हेलीपैड पहुंचे और हेलीकॉप्टर में बैठ गए, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उड़ान नहीं हो सकी।
हेलीकॉप्टर की जांच के लिए बुलाई तकनीकी टीम
हेलीकॉप्टर में सुधार के लिए तकनीकी टीम बुलाई गई है। टीम खराबी की जांच करेगी। फिलहाल हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर खड़ा है।
सुरक्षा की दृष्टि से रतलाम के सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव भी पुलिस फॉलो के साथ उज्जैन तक गए।