सीहोर। सीहोर जिले के कोसमी में आदिवासियों का धरना प्रदर्शन पांचवें दिन भी लगातार जारी रहा। प्रदर्शन को समाप्त कराने के लिए कलेक्टर, कमिश्नर और एसपी मौके पर पहुंचे। एसडीएम और टीआई भी धरना स्थल पर मौजूद रहे। पीड़ित परिवार ने प्रशासनिक अधिकारियों की पंचायत में जाने से साफ इंकार करते हुए कहा कि जिसे जो कहना है, वह यहीं आए, हम कहीं भी नहीं जाएंगे।
एसडीएम और टीआई की काफी समझाइश के बाद धरना स्थल से दो व्यक्ति ग्राम पंचायत में कलेक्टर और कमिश्नर के पास अपनी बात रखने पहुंचे, लेकिन फिलहाल इस मामले में कोई भी समाधान नहीं निकल सका है। धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से अब तक कोई संतोषजनक और सटीक जवाब या आश्वासन नहीं मिला है। यदि मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो वे कल सुबह 8 बजे लगभग 10 से 15 हजार लोगों के साथ अपनी मांगों को लेकर पैदल मार्च करते हुए भोपाल स्थित सीएम हाउस के लिए रवाना होंगे और मुख्यमंत्री से अपनी बात रखेंगे।
भोपाल कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने बताया कि वे शासन की तरफ से यहां मामले की जांच के लिए आए है। उन्होंने कहा कि वे प्रभावित क्षेत्र में भी गए थे, जहां उन्होंने प्रभावित परिवारों और अन्य लोगों से चर्चा की है। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि सभी पक्षों के तथ्यों और फैक्ट्स को चेक किया जा रहा है, और इसके आधार पर एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसके बाद शासन स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, उनके संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है कि उनके निवास गांव में अन्य जगह पर हैं या वे इसी अतिक्रमण के सहारे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद मौके की लोकेशन पर गए थे और वहां के लोगों से भी चर्चा की है।