उमरिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की 41वीं किश्त जारी की। इस दौरान सिंगल क्लिक से 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के खाते में 1500-1500 रुपए ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री ने 144.15 करोड़ रुपए की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
सीएम ने जिले में सांदीपनी स्कूल खोलने, पाली और मानपुर में सिविल अस्पताल खोलने की घोषणा की। साथ ही, अमरपुर को तहसील बनाने की घोषणा भी की। चिल्हारी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और परीक्षण के बाद नगरपरिषद बनाने की बात भी कही। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक मीना सिंह, विधायक शिवनारायण सिंह और सांसद हिमाद्री सिंह मौजूद रहे।
जून 2023 से अब तक 40 किस्तें जारी
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। सितंबर 2026 तक योजना के तहत 40 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत पात्र सामान्य लाभार्थी महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए दिए गए हैं।
वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाली पंजीकृत पात्र महिलाओं को योजना के प्रावधानों के अनुसार हर महीने 900 रुपए की सहायता दी जाती है। राशि आधार से जुड़े और डीबीटी सक्रिय बैंक अकाउंट में सीधे ट्रांसफर की जाती है।
महिलाओं को चार बार मिली 250 रुपए की अतिरिक्त सहायता
योजना के तहत अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को चार बार 250-250 रुपए की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना, उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार करना और परिवार के फैसलों में उनकी भूमिका मजबूत करना है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना में 23,882.81 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है।