ग्वालियर। जिस कोर्ट कर्मचारी पर न्यायालय के आदेशों के पालन की जिम्मेदारी थी, उसी ने जज के फर्जी हस्ताक्षर कर एक आरोपी को जेल से रिहा करा दिया। करीब सात साल पुराने इस मामले में अदालत ने तत्कालीन बाबू पंकज तोमर को सात साल के कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने 27 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। अदालत ने साफ कहा कि सरकारी कर्मचारी के इस तरह के गंभीर अपराध में नरमी नहीं बरती जा सकती।
आरोपी की फर्जी आदेश के जरिए रिहाई
दरअसल मामला ग्वालियर सेंट्रल जेल से एक आरोपी की फर्जी आदेश के जरिए रिहाई से जुड़ा है। अदालत के तत्कालीन बाबू पंकज तोमर ने जज के फर्जी हस्ताक्षर कर रिहाई आदेश तैयार किया और रम्मो उर्फ रामवीर को जेल से बाहर निकलवा दिया। इस मामले में कोर्ट ने पंकज को दोषी मानते हुए सात साल की सजा सुनाई है। साथ ही 27 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। आपको बता दे कि आरोपी को 25 मई 2019 को जेल भेजा गया था। सुनवाई में लगातार गैरहाजिर रहने पर तत्कालीन न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जेल प्रशासन से जानकारी मांगी। 13 फरवरी 2020 को जेल से मिले जवाब में बताया गया कि आरोपी को 5 सितंबर 2019 को ही रिहा किया जा चुका है।
हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की रिपोर्ट अहम सबूत बनी
जब अदालत ने रिहाई का आदेश देखा तो उस पर जज के फर्जी हस्ताक्षर पाए गए। इसके बाद 19 फरवरी को इंदरगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। जांच के दौरान हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की रिपोर्ट इस मामले में अहम सबूत बनी। भोपाल में कराई गई जांच में रिहाई आदेश की लिखावट और हस्ताक्षर पंकज के पाए गए। हालांकि पंकज ने फर्जी आदेश तैयार करने से इनकार किया था। अदालत ने बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद सभी धाराओं में दोषी मानते हुए सजा सुनाई। बचाव पक्ष ने पहला अपराध बताते हुए सजा में नरमी की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने इसे स्वीकार नहीं किया। पूरा जुर्माना नहीं भरने पर 18 महीने की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी।