भोपाल/सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सीहोर जिले में सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के फेस-1 और फेस-2 का लोकार्पण कर बुधनी और भैरूंदा क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात दी। करीब 536.23 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से क्षेत्र के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। परियोजना से 8 हजार से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र में 41.44 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इनमें पांच सड़कों, सलकनपुर में रेस्ट हाउस, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और प्रयोगशाला का लोकार्पण शामिल है। वहीं गोपालपुर में सामुदायिक भवन और बगवाड़ा में सीसी रोड का भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुधनी विधानसभा क्षेत्र को मां नर्मदा का विशेष आशीर्वाद मिला है। सीप-अंबर परियोजना से अब नर्मदा का पानी खेतों तक पहुंचेगा और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि सूखे खेतों को पानी मिल जाए तो फसल सोने जैसी हो जाती है। राज्य सरकार किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली देने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सिंचाई के बढ़ते रकबे का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2002-03 तक प्रदेश में केवल साढ़े सात लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती थी। इसके बाद विभिन्न सरकारों के प्रयासों से वर्ष 2023 तक सिंचित क्षेत्र बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हुआ। उन्होंने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में 20 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र सिंचाई के दायरे में आया है और अब प्रदेश का सिंचित क्षेत्र 60 लाख हेक्टेयर से अधिक हो चुका है। राज्य सरकार ने इसे बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प किसानों की समृद्धि और उनके जीवन में बदलाव लाना है। खेती के साथ पशुपालन, डेयरी, बकरीपालन, कुक्कुट पालन और मत्स्य पालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश को दूध उत्पादन में देश का नंबर-1 राज्य बनाने का लक्ष्य है। इसके लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ समझौता किया गया है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रति गाय एक हजार रुपये मासिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है। साथ ही मान्यता प्राप्त गोशालाओं में प्रति गोमाता अनुदान 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये किया गया है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा, रोजगार और विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की गई है और अगले वर्ष पीएससी की परीक्षाएं दो बार आयोजित कराई जाएंगी। युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए औद्योगिक विकास को गति दी जा रही है। वहीं महिलाओं के कल्याण के लिए लाड़ली बहना सहित कई योजनाएं संचालित हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि बहनों को दी जा चुकी है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि सीप-अंबर सिंचाई परियोजना बुधनी और सीहोर क्षेत्र के 76 गांवों के किसानों की तकदीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री एवं जिले की प्रभारी कृष्णा गौर ने कहा कि सीहोर जिला प्रदेश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि परियोजना से भैरूंदा क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की बड़ी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान, युवा, महिला और गरीब सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।