डिंडौरी। मंडला से भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम के बीच मंडला के विकास को लेकर जुबानी टकराव सामने आया है। गुरुवार को डिंडौरी पहुंचे सांसद कुलस्ते ने मरकाम के बयानों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें चुनाव लड़ने की चुनौती दे दी। कुलस्ते ने कहा कि यदि राजनीति करनी है तो चुनाव लड़कर जनता के बीच जाएं। सरकार को बदनाम करने और जनता को भड़काने वाले अधिकारियों की जरूरत नहीं है।
दरअसल, मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम ने बुधवार को मंडला जिले के विकास पर सवाल उठाते हुए कहा था कि मंडला विकास का अवसर गंवा चुका है। उनके मुताबिक जिले में विकास की कई संभावनाएं थीं, लेकिन समय रहते उनका उपयोग नहीं किया गया। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद कुलस्ते ने मरकाम से उनके कार्यकाल का हिसाब मांग लिया।
कुलस्ते ने सवाल उठाया कि जब मरकाम मुख्यमंत्री के विशेष सहायक के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे, तब मंडला, डिंडौरी, सिवनी और नरसिंहपुर जिलों के लिए कितनी योजनाएं तैयार की गईं और कितने विकास कार्य जमीन पर उतारे गए? उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी के बयान से किसी की लोकप्रियता तय नहीं होती, इसका फैसला जनता करती है।
सांसद ने अपने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि रानी दुर्गावती के समाधि स्थल के विकास, भगवान बिरसा मुंडा के गौरव दिवस और जनजातीय महापुरुषों के इतिहास को सामने लाने के लिए काम किए गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के जरिए गांव-गांव तक सड़क पहुंचाने में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकारों के योगदान का भी उल्लेख किया। कुलस्ते ने कहा कि जनजातीय विकास के लिए बजट में वृद्धि भी सरकार की उपलब्धि है।
पेसा एक्ट पर भी उठाए सवाल
पेसा एक्ट को लेकर उठ रही चर्चाओं पर सांसद कुलस्ते ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि यदि पहले भी इस दिशा में काम हुआ था, तो गांवों तक योजनाओं का लाभ क्यों नहीं पहुंचा? कुलस्ते ने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए आदिवासी क्षेत्रों में भ्रम फैलाकर लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं।
मंडला के विकास को लेकर एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा सांसद के बीच सामने आए इस बयानबाजी के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। अब इस पूरे मामले में लक्ष्मण सिंह मरकाम की ओर से आने वाली प्रतिक्रिया पर भी नजर रहेगी।