दतिया। जिले के ग्राम चंदेरा में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, खसरा नंबर 431 की पहाड़ी पर जिला दतिया निवासी जितेंद्र जाटव द्वारा शासकीय भूमि पर मकान का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार पटवारी को शिकायत कर निर्माण कार्य की जानकारी दी थी। शिकायत के बाद पटवारी मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे, जहां शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पटवारी ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को भी मामले की लिखित सूचना दी।
हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्व विभाग के अधिकारियों को जानकारी दिए जाने और लिखित रिपोर्ट भेजे जाने के बावजूद आज दिनांक तक मौके से अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि आखिर शिकायत और निरीक्षण के बाद भी अवैध निर्माण पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों ने मामले में राजस्व अधिकारियों की भूमिका पर भी संदेह जताया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। अब सवाल यह उठ रहा है कि शासकीय भूमि पर हो रहे कथित अतिक्रमण को लेकर प्रशासन कब कार्रवाई करेगा और सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा या नहीं।